सोलन, 27 अक्तूबर;
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है।
Is baat ki पुष्टी करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना कुनिहार के तहत एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में कुख्यात तस्कर धनी राम उर्फ गलू की 6.34 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध चल-अचल संपत्तियां जब्त की गई हैं।
आरोपी के पास से पहले भी 1.624 किलोग्राम अफीम और 1.622 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी।

जांच में पता चला कि आरोपी ने नशा तस्करी से आलीशान पांच मंजिला मकान, रेस्टोरेंट, होमस्टे, जेसीबी, टिप्पर, सोने के गहने और बैंक खातों में करोड़ों की नकदी अर्जित की थी।
एसपी सोलन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 आरोपियों की 15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की हैं।

वर्ष 2025 में ही अब तक 8 मामलों में 30 आरोपियों की करीब 12 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।
पुलिस ने जुलाई 2023 से अब तक नशा तस्करी के 215 मामले दर्ज कर 451 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 147 अंतरराज्यीय सप्लायर शामिल हैं। इन तस्करों के 64 बड़े नेटवर्क ध्वस्त किए जा चुके हैं।
इसके अलावा, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत 21 मामलों में 18,636 नशीली दवाइयां बरामद की गईं।

सोलन पुलिस ने PIT NDPS Act के तहत 6 आदतन अपराधियों को निवारक हिरासत में भेजा है। साथ ही “रुस्तम योजना” के तहत वॉलंटियर्स द्वारा अब तक 10,000 से अधिक छात्रों और नागरिकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूलों को गोद लेकर छात्रों में अनुशासन, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।










