सोलन(कुनिहार) 26 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने गश्त और यातायात चेकिंग के दौरान कुनिहार–नालागढ़ रोड पर शिव गुफा के समीप एक डस्टर गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 63/2025 दिनांक 26.10.2025 धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
इस बात की पुष्टी करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुनिहार की ओर से आ रही डस्टर गाड़ी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से 30 पेटियां (कुल 360 बोतलें) देसी शराब बरामद की गईं। गाड़ी में सवार व्यक्तियों से जब लाइसेंस, परमिट या अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने मौके पर ही गाड़ी व शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों — विजय वर्मा (29 वर्ष) पुत्र श्री टेक चांद निवासी गांव बोडती क्नैता, डाकघर चंडी, तहसील कसौली, जिला सोलन तथा अमित कुमार (28 वर्ष) पुत्र श्री चमन लाल निवासी गांव हरथ, डाकघर चंडी, तहसील कसौली, जिला सोलन — को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।










