/राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में सफाई अभियान व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में सफाई अभियान व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नालागढ़(रामशहर) 27 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो /वर्मा

सोलन जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छाछी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, छाछी बाजार से लेकर पोंडी गांव तक झाड़ियां काटी और सड़कों की सफाई की।

मिली जानकारी के मुताबिक़ स्वयंसेवियों ने गांववासियों को स्वच्छता बनाए रखने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया।

शिविर प्रभारी सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवियों में समाज सेवा, राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को जागृत करना है।

इस शिविर में कुल 25 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं, जिनमें 10 छात्र और 15 छात्राएं शामिल हैं।

कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनमीत कौर ने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न विषयों पर खंड स्रोत व्यक्तियों द्वारा स्वयंसेवियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

सोमवार को सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन कमल कुमार ने स्वयंसेवियों को देश सेवा, समाज सेवा और करियर निर्माण से जुड़ी प्रेरणादायक बातें साझा कीं।

शिविर का समापन 30 अक्तूबर को किया जाएगा।