/भाजपा नेताओं ने श्री गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा में मत्था टेका

भाजपा नेताओं ने श्री गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा में मत्था टेका

नालागढ़ (बद्दी )05 नवंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

श्री गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने गत दिवस गुरुद्वारा गुलरवाला, बद्दी पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मिली जानकारी के मुताबिक़ इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और ईश्वर-भक्ति का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी।

उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी ने कहा था — “ईश्वर एक है और सभी स्त्री-पुरुष समान हैं।”

नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अंधविश्वास और पाखंड का विरोध करते हुए समाज को सत्य, करुणा और सेवा मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने निस्वार्थ सेवा को सच्चा धर्म बताया और इसी भावना से लंगर परंपरा की शुरुआत हुई, जो आज भी सिख धर्म की पहचान है।

उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी का जन्म वर्तमान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में राबी नदी के तट पर स्थित तलवंडी गांव (अब ननकाना साहिब) में हुआ था। आज भी वहां स्थित गुरुद्वारे में भारत से श्रद्धालु दर्शन करने जाते हैं।

हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाती है, और इस वर्ष यह पर्व 5 नवंबर को मनाया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि धार्मिक कट्टरता के समय में गुरु नानक देव जी ने उदारता, प्रेम और समानता की नई परिभाषा दी और जीवन भर सत्य, भक्ति और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।