— कांग्रेस की नीतियों पर बरसे बिंदल व जयराम ठाकुर
नालागढ़ (बद्दी) 6 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
भाजपा की दो दिवसीय कार्यशाला प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में बद्दी में आज सम्पन्न हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पहले दिन सात मोर्चों और मीडिया-आईटी टीमों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि दूसरे दिन प्रकोष्ठ संयोजकों व सदस्यों को संगठनात्मक मार्गदर्शन दिया गया।

भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने कहा कि “कांग्रेस सरकार ने जनता से किए वादे भूलकर जनकल्याणकारी योजनाएँ बंद की हैं, जो अत्यंत निराशाजनक है।” उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है और हर बूथ पर कांग्रेस की किलाबंदी करेगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, असंवैधानिक नियुक्तियों और संसाधनों की बिक्री के आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ऐसे शासन को माफ नहीं करेगी।

दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएं और कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करें।










