सोलन, 7 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली कि कोठी देवरा से एक व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था, जिसकी मृत्यु हो चुकी है। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सपरून की टीम तत्काल अस्पताल पहुंची, जहां आपातकालीन कक्ष में मृतक राकेश कुमार (उम्र 32 वर्ष), पुत्र श्री कर्मदास, निवासी गांव कोठी देवरा, डाकघर घट्टी, तहसील व जिला सोलन (हि.प्र.) की लाश रखी पाई गई।
अस्पताल में मृतक के परिजन भी मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि राकेश कुमार पिछले काफी समय से बीमार था और आई.जी.एम.सी. शिमला में उसका उपचार चल रहा था। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार मृतक की छाती, किडनी व लीवर में संक्रमण था।
परिजनों ने बताया कि दिनांक 06 नवंबर 2025 को राकेश घर से यह कहकर निकला था कि वह ड्राइविंग के लिए जा रहा है, लेकिन अगले दिन 07 नवंबर 2025 को उसके पिता कर्मदास ने उसे घर के पास खेत में अचेत अवस्था में पड़ा पाया।
परिजन तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों एवं अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं, लेकिन किसी ने भी किसी प्रकार का संदेह या आपराधिक आशंका व्यक्त नहीं की है।
मृतक का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में करवाया गया है। पुलिस ने मामले में धारा 194 बीएनएसएस, 2023 के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है तथा मामले की गहन जांच जारी है।










