सोलन(साईं), 8 नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साईं में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें भारतीय संस्कृति और लोक परंपरा की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी ने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं और उन्हें शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन में अपनाना चाहिए।

विधायक ने बताया कि दून विधानसभा को आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि साईं स्कूल में कॉमर्स और साइंस की कक्षाएं उनके प्रयासों से शुरू की गई हैं, तथा केमिस्ट्री विषय के अध्यापक की नियुक्ति शीघ्र करवाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने जानकारी दी कि साईं स्कूल के विकास के लिए अब तक लगभग 70 लाख रुपये सीएसआर फंड से व्यय किए जा चुके हैं, साथ ही दो अतिरिक्त कमरे भी सीएसआर के माध्यम से बनवाने का आश्वासन दिया।

विधायक चौधरी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय साईं की छत की मुरम्मत के लिए 3 लाख रुपये, तथा तालड़ के समीप लिंक रोड पर टाइल वर्क के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि साईं पंचायत के माध्यम से लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की भारी वर्षा से प्रभावित परिवारों को 3-3 बिस्वा भूमि उपलब्ध करवाई गई है, साथ ही 4 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है, और मकान निर्माण पूर्ण होने पर 3 लाख रुपये की दूसरी किस्त भी शीघ्र जारी की जाएगी।

श्री चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा वर्ल्ड बैंक के सहयोग से 110 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रामशहर–साईं–बद्दी सड़क मार्ग का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में बच्चों के सांस्कृतिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए विधायक ने अपनी विधायक निधि से 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत नालका के प्रधान प्रेमचंद, उपप्रधान मस्तराम, ग्राम पंचायत साईं के उपप्रधान प्रेमचंद, पूर्व प्रधान निर्मला देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुमन लता, एसएमसी प्रधान धर्मपाल, प्रधानाचार्य विवेक चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







