/एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान तुरंत किया जाए: डॉ. राजीव बिंदल

एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान तुरंत किया जाए: डॉ. राजीव बिंदल

शिमला, 10 नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एचआरटीसी (हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) के सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से पेंशन और मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए परेशान हैं। उन्होंने सरकार से बिना भेदभाव के सभी पेंशनरों को समय पर भुगतान करने की मांग की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग, विशेषकर कर्मचारी वर्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक सेवानिवृत्त हुए लगभग 250 कर्मचारियों को न तो पेंशन, ग्रेच्युटी और न ही अर्जित अवकाश (लीव इनकैशमेंट) का भुगतान किया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एचआरटीसी का घाटा अब ₹2,200 करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि 2023-24 में यह ₹2,119 करोड़ था। निगम की वित्तीय हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और इसका सबसे अधिक असर कर्मचारियों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसें भी घाटे का कारण बन रही हैं, क्योंकि यात्रियों की इन बसों में रुचि नहीं है और कई बसें तकनीकी खराबी के कारण महीनों से खड़ी हैं।

डॉ. बिंदल ने सरकार से मांग की कि वह सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान और निगम की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि निगम में कार्यरत 10,000 से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिल सके।