युवाओं व नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश
बद्दी 16 अक्टूबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
बद्दी पुलिस ने गत दिवस चिट्टा जैसे घातक नशे के खिलाफ जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एंटी -चिट्टा जागरूकता रैली का आयोजन किया।

इस रैली के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
रैली की शुरुआत पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान द्वारा हरी झंडी दिखा कर, बद्दी कार्यालय से की गई, जहां पुलिस अधिकारियों ने नशे के बढ़ते खतरे और इससे समाज पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चिट्टा न केवल युवाओं के जीवन और भविष्य को बर्बाद कर रहा है, बल्कि यह समाज, परिवारों और आर्थिक ढांचे को भी गहरा नुकसान पहुँचा रहा है।

बद्दी पुलिस ने सभी नागरिकों से नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह जंग तभी जीती जा सकती है जब पुलिस और समाज मिलकर एकजुट होकर कार्य करें।

रैली के दौरान पुलिस ने लोगों को चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और एक जागरूक एवं सुरक्षित समाज बनाने का संदेश दिया।










