SIU टीम की त्वरित कार्रवाई, किराये के कमरे से 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद
सोलन, 18 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो
जिला सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शूलिनी यूनिवर्सिटी के एक छात्र को चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामला सदर थाना सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17-11-2025 को SIU टीम सोलन शहर में गश्त और नाकाबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि अंश अरोड़ा नामक युवक, जो शूलिनी यूनिवर्सिटी में पढ़ता है और ओछघाट स्थित जीरो पॉइंट के पास एक किराये के कमरे में रहता है, काफी समय से यूनिवर्सिटी और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों को चिट्टा बेचना का धंधा कर रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद SIU ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के किराये के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान युवक अंश अरोड़ा पुत्र पवन अरोड़ा, निवासी एम.सी. कॉलोनी, फतेहाबाद (हरियाणा), उम्र 22 वर्ष के कब्जे से 7.39 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर केस FIR नंबर 0231/2025, दिनांक 17.11.2025, धारा 21 ND&PS एक्ट, पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर आज दिनांक 18-11-2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी शूलिनी यूनिवर्सिटी में BBA द्वितीय वर्ष का छात्र है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।
सोलन पुलिस ने बताया कि नशा तस्करी की हर कड़ी तक पहुंचने के लिए मामले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।









