पुलिस ने शुरू की जांच, शिनाख्त के सभी प्रयास जारी
सोलन (धर्मपुर), 18 नवंबर
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
सोलन जिला के धर्मपुर थाना क्षेत्र में सनवारा स्थित शराब ठेके के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस थाना धर्मपुर की टीम तत्काल मौके पर पहुँची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। इस दौरान पंचायत प्रधान सहित कई ग्रामीण भी घटनास्थल पर उपस्थित थे।
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए मौके पर मौजूद लोगों व स्थानीय निवासियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी मृत व्यक्ति को नहीं पहचाना।
पुलिस ने उसके फोटोग्राफ आसपास के ढाबों, होटलों और कार्यरत कर्मचारियों को भी दिखाए, परंतु वहां भी पहचान नहीं हो सकी।
मृतक का मौके पर विस्तृत निरीक्षण करते हुए पुलिस ने पाया कि उसके शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट, खरोंच या हिंसा के निशान नहीं हैं।
इसके अलावा मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उसकी पहचान स्थापित की जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त व्यक्ति को 15 नवंबर को सनवारा क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया था, और उस दौरान वह शराब या नशे की हालत में दिखाई दे रहा था।
प्रारंभिक जांच में हत्या या किसी आपराधिक गतिविधि की आशंका नहीं जताई गई है और संभावना है कि मृतक की मृत्यु ठंड या किसी बीमारी के कारण हुई हो सकती है।
पुलिस ने एहतियातन मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को एमएमयू सुल्तानपुर में पोस्टमार्टम एवं शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा गया है।
मामले में धारा 194, BNS 2023 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस थाना धर्मपुर से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान शीघ्र की जा सके।










