/कांग्रेस सरकार हिमाचल में मूर्छित अवस्था में पहुंच चुकी : डॉ. बिंदल

कांग्रेस सरकार हिमाचल में मूर्छित अवस्था में पहुंच चुकी : डॉ. बिंदल

शिमला 18 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार चुनावों के नतीजों ने पूरे देश में ऐसा माहौल बनाया, जो “ना भूतो, ना भविष्यति” जैसा है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर हालत बेहद खराब हो चुकी है और महीनों की यात्राओं एवं जनसंपर्क के बाद भी पार्टी सिर्फ 6 सीटों पर सिमट गई। बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी वर्तमान कांग्रेस सरकार “मूर्छित अवस्था” में पहुंच चुकी है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नेतृत्व पर और अधिक मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को कांग्रेस सरकार के 3 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन यह सरकार “इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार” साबित हुई है। ऐसे में जश्न मनाने का कोई औचित्य नहीं बनता।

4 दिसंबर को धर्मशाला में भाजपा का विशाल प्रदर्शन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सरकार की विफलताओं के विरोध में 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में “विशाल प्रचंड प्रदर्शन” किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार को प्रभारी तथा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, उपाध्यक्ष पवन काजल, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर और विधायक सुधीर शर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है।

बिंदल बोले—कांग्रेस के 3 साल, युवाओं व प्रदेश की बर्बादी के 3 साल

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष युवाओं, बेरोजगारों और किसानों के लिए निराशा और अव्यवस्था के साल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश आर्थिक दिवालियेपन की ओर बढ़ा है और कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि—

प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई है, हत्या, लूट, डकैती और माफियाराज जैसे मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

महिलाओं, किसानों, बागवानों और मजदूरों को दी गई गारंटियां पूरी तरह झूठी साबित हुई हैं।

स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, तहसीलें, पटवार सर्कल जैसे संस्थान बंद होने की कगार पर हैं।

पक्की नौकरी, पेंशन वाली नौकरी, एक लाख नौकरियां, 5 लाख रोजगार, 28 लाख बहनों को ₹1500 प्रतिमाह आदि वादे “कागजी घोषणाएं” बनकर रह गए।

दूध ₹100 लीटर और गोबर ₹2 किलो जैसे वादों का भी कोई अता-पता नहीं है।

बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का 3 साल का कार्यकाल “जश्ने बर्बादी” साबित हुआ है, जिसने विकास को पूरी तरह रोक दिया है।