सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप
नालागढ़ (बद्दी), 20 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के खेड़ा गांव में गत दिवस शराब ठेका के पास हुए विवाद के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 19 नवम्बर 2025 की बताई गई है , जब लड़ाई-झगड़े की शिकायत पर नालागढ़ थाना टीम मौके पर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचे कर्मियों पर शराब के नशे में धुत्त दो व्यक्तियों — दीपक ठाकुर उर्फ दीपू, पुत्र स्व. दलजीत सिंह, निवासी खेड़ा तथा श्याम सिंह उर्फ श्यामा, पुत्र स्व. राजिंदर सिंह, निवासी खेड़ा — ने गाली-गलौज की और कांच की बोतल, ईंट-पत्थर व डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और बाद में थाना परिसर के प्रवेश द्वार को भी क्षति पहुंचाई।
बद्दी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों को तुरंत काबू कर लिया।
हमले में घायल पुलिस कर्मियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया।

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में दोनों के विरुद्ध थाना मानपुरा में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया और अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन का पुलिस रिमांड पर भेजा गया।






