बद्दी पुलिस को बड़ी सफलता हासिल ।
नालागढ़ (बद्दी) 22 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन में Special Cell-X बद्दी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कार HP12S-8008 से 6.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, ₹21,000 नकदी और एक डिजिटल तराजू बरामद किया है।
मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि दीपक चंदेल निवासी वार्ड नंबर 3, नालागढ़, अपनी कार में खेड़ा के पास संदिग्ध गतिविधि में पाया गया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से नशीला पदार्थ और नकदी बरामद हुई।
कार में उसके साथ सूर्या तेज चौधरी एवं उसकी पत्नी भी मौजूद थे।
बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना मानपुरा में ND&PS Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई नशा तस्करी पर रोक लगाने और क्षेत्र में बढ़ रही अवैध गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








