/लाइफ सर्टिफिकेट जमा न करने वाले पेंशनरों की पेंशन रोकी जाएगी: वित्त विभाग

लाइफ सर्टिफिकेट जमा न करने वाले पेंशनरों की पेंशन रोकी जाएगी: वित्त विभाग

शिमला, 22 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त विभाग के अंतर्गत कोषागार, लेखा एवं लॉटरी निदेशालय ने राज्य के सभी जिला कोषालय अधिकारियों और कोषाधिकारी (काज़ा) को यह निर्देश जारी किया है कि वर्ष 2025–26 के लिए अभी तक जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा न करने वाले पेंशनरों की पेंशन तत्काल प्रभाव से रोक दी जाए।

निदेशालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया 1 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक निर्धारित की गई थी।

निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद बड़ी संख्या में पेंशनरों द्वारा प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाए जाने के कारण यह निर्णय लिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पेंशन केवल उन्हीं पात्र व्यक्तियों को निर्बाध रूप से प्रदान की जा सकती है, जिन्होंने नियमानुसार जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाया हो। इसलिए ऐसे पेंशनरों को तत्काल प्रमाण पत्र जमा करवाने की सलाह दी गई है, ताकि पेंशन की बहाली समय पर की जा सके।

यह पत्र सौरभ जस्सल, निदेशक — कोषागार, लेखा एवं लॉटरी, हिमाचल प्रदेश द्वारा 19 नवंबर 2025 को जारी किया गया है।