सोलन, 22 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
शूलिनी यूनिवर्सिटी के समीप गांव बझोल में छात्रों के दो गुटों एवं उनके अभिभावकों के बीच हुई मारपीट और हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने अब दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना सदर सोलन में पहले दर्ज मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ाई गई, जिसमें शिकायतकर्ता पक्ष की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई।
गौरतलब है कि 20 नवंबर 2025 को दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने से मारपीट की घटना हुई थी और घटना के दौरान हवाई फायर किए जाने की भी पुष्टि हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर आरोपी धर्मा को गिरफ्तार किया था।
आगे की जांच के दौरान प्राप्त वीडियो और अन्य साक्ष्यों में यह पाया गया कि शिकायतकर्ता पक्ष के कुछ लोग भी हाथों में राइफल, डंडे आदि लहराते दिखाई दिए।
इसके आधार पर पुलिस ने आज 22 नवंबर 2025 को शिकायतकर्ता पक्ष के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया है।
मामला अभियोग संख्या 237/2025, दिनांक 22-11-2025 के तहत धारा 326(2), 191(2), 191(3), 190, 351(2) BNS तथा धारा 25 Arms Act में पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्वेषण जारी है और दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








