/विदेश में रोजगार के नए अवसर — यूएई में 300 डिलीवरी राइडर्स की भर्ती शुरू

विदेश में रोजगार के नए अवसर — यूएई में 300 डिलीवरी राइडर्स की भर्ती शुरू

शिमला, 25 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

राज्य सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।

सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) लिमिटेड के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में Noon Food LLC — किराना एवं खाद्य वितरण क्षेत्र — के लिए 300 डिलीवरी राइडर्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इच्छुक पुरुष आवेदक 29 नवंबर 2025 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती एचपीएसईडीसी द्वारा श्रम एवं रोजगार विभाग तथा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से पंजीकृत भर्ती एजेंसी के सहयोग से आयोजित की जा रही है।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को 2500 दिरहम मासिक वेतन, कमीशन और टिप सहित लगभग ₹70,000 से ₹1,00,000 प्रतिमाह तक की आय प्राप्त होगी। भर्ती के लिए 10वीं न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है तथा बेसिक इंग्लिश का ज्ञान अनिवार्य रखा गया है। आवेदनकर्ता की आयु सीमा 20 से 37 वर्ष निर्धारित है। अभ्यर्थी के पास गियर मोटरसाइकिल के लिए कम से कम एक वर्ष के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए।

वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। चेहरा या गर्दन पर टैटू स्वीकार्य नहीं हैं और रंग-अंधता वाले उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे।

तैनाती के बाद अभ्यर्थियों को यूएई ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए 5,500 दिरहम शुल्क निर्धारित है। इसमें से 1000 दिरहम प्रस्थान के समय, जबकि शेष 4,500 दिरहम 500 दिरहम की नौ मासिक किश्तों में वेतन से काटे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया में केवल वैध पासपोर्ट वाले उम्मीदवारों को भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।

चयनित आवेदकों को विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित ₹35,400 शुल्क तथा ₹1,500 चिकित्सा शुल्क भी देना होगा।

प्रवक्ता के अनुसार दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में जिलेवार एक सप्ताह का भर्ती अभियान आयोजित किया जाएगा। स्थान और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी स्थानीय श्रम एवं रोजगार कार्यालय अथवा एचपीएसईडीसी की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।