/पॉक्सो मामले में चुराह के विधायक हंसराज को नियमित जमानत

पॉक्सो मामले में चुराह के विधायक हंसराज को नियमित जमानत

चंबा 27 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बने चंबा के बहुचर्चित पॉक्सो मामले में चुराह से भाजपा विधायक हंसराज को बड़ी राहत मिली है। विशेष न्यायाधीश की अदालत ने गुरुवार को उन्हें नियमित जमानत प्रदान कर दी। अदालत का आदेश आने के बाद विधायक हंसराज कोर्ट परिसर से बाहर निकले, जहां उनकी आंखें भावुकता से नम हो गईं।

विधायक ने इसे अपने खिलाफ चल रही “साजिशों से उपजे मानसिक दबाव” का परिणाम बताया, वहीं राजनीतिक हलकों में इसे उनके विरोधियों के लिए झटका माना जा रहा है, जो इस मामले की संवेदनशीलता को लेकर लगातार बयानबाज़ी कर रहे थे।

मामले में शिकायत दर्ज कराने वाली युवती एक वर्ष पहले भी विधायक के खिलाफ आरोप लगा चुकी है, जिसके बाद उसने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने आरोप वापस लेने और माफी मांगने की बात कही थी। वर्तमान आरोपों को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने युवती की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाए हैं। हालांकि, पुलिस और न्यायालय इस मामले की जांच कानून के अनुसार आगे बढ़ा रहे हैं।

स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि 2026 के विधानसभा चुनाव नज़दीक आने से पहले इस मामले ने चुराह क्षेत्र में राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार तीन बार से विधायक रहे हंसराज के खिलाफ यह मामला “राजनीतिक रूप से प्रेरित” हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि केवल जांच के बाद ही संभव होगी।

विधायक हंसराज के समर्थकों ने उनके कार्यकाल के दौरान चुराह क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मामला उनके राजनीतिक सफर को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है। दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने कहा है कि कानून अपना कार्य कर रहा है और तथ्य सामने आने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

अदालत के आदेश से एक दिन पहले पुलिस ने महिला थाना चंबा में विधायक से करीब ढाई घंटे पूछताछ की थी। इससे पहले उन्हें अग्रिम जमानत भी मिल चुकी थी। नियमित जमानत मिलने के बाद अब मामले के अगले चरण में पुलिस जांच होगी, जिसके बाद अदालत में आगे की सुनवाई चलेगी।

कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला आने वाले दिनों में हिमाचल की राजनीति में और सरगर्मी ला सकता है।