चम्बा, 3 दिसंबर.
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
बद्दी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जुआ एवं दड़ा-सट्टा के तीन अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को पकड़ा। सभी मामलों में नकदी, सट्टा-पर्चियाँ, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री पुलिस ने मौके से बरामद कर कब्जे में ली। तीनों मामलों में जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है ।

पहले मामले में पुलिस टीम ने रेड लाइट चौक बद्दी के समीप अनुप कुमार निवासी बिहार को राहगीरों को लालच देकर जुआ खेलने के लिए उकसाते हुए पकड़ा। जिसके कब्जे से 1500 रुपये नकद बरामद किए गए।

दूसरे मामले में दावत चौक–साई रोड क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने खुशी राम निवासी उत्तर प्रदेश तथा सर्वेश निवासी उत्तर प्रदेश को पर्ची-दड़ा सट्टा खेलते हुए दबोचा। दोनों द्वारा राहगीरों को अवैध सट्टेबाज़ी में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा था। जिनके कब्जे से 680 रुपये नकद और सट्टा-संबंधी सामग्री बरामद हुई।

तीसरे मामले में पुलिस टीम ने जुड्डी खुर्द क्षेत्र में एक किराए की दुकान पर सट्टेबाज़ी संचालित करने की सूचना पर छापा मारा। जहां अजय कुमार निवासी पिंजोर हरियाणा को मौके से पकड़ा गया। दुकान से 5,260 रुपये नकद व सट्टा-संबंधी सामग्री बरामद की गई।









