/प्रवेक्षक सुखदेव भगत चम्बा पहुंचे, संगठन को मजबूत करने बारे दी जानकारी

प्रवेक्षक सुखदेव भगत चम्बा पहुंचे, संगठन को मजबूत करने बारे दी जानकारी

कार्यकर्ताओं और जनता से सुझाव लेकर तय होगा जिला अध्यक्ष: सुखदेव भगत

चम्बा, 3 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवेक्षक एवं सांसद सुखदेव भगत ने संगठन सृजन अभियान के तहत आज परिधि गृह, चम्बा में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुजरात में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अधिवेशन में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए देश भर में जिला अध्यक्षों की नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति केवल वरिष्ठ नेताओं के आपसी विचार-विमर्श पर जिला अध्यक्ष नियुक्त करने की पद्धति को इस बार नहीं अपनाया जा रहा है। इसके स्थान पर पार्टी हाईकमान द्वारा वरिष्ठ नेताओं को प्रवेक्षक के रूप में विभिन्न राज्यों के जिलों में भेजा गया है। ये प्रवेक्षक प्रत्येक जिले में जाकर ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों से सुझाव एवं विचार-विमर्श करेंगे। सभी पक्षों के विचारों के बाद ही जिला अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।


सुखदेव भगत ने कहा कि जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से यह नया ढांचा लागू किया गया है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने प्रवास के दौरान वह केवल संगठन के पदाधिकारियों से ही नहीं, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता से भी मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य है कि ऐसा जिला अध्यक्ष चुना जाए जो प्रदेश नेतृत्व और आम जनता के बीच मजबूत सेतु का काम करे तथा जिम्मेदार, प्रतिबद्ध व संगठनात्मक रूप से सक्षम हो।


उन्होंने बताया कि अभियान के तहत योग्य नामों का चयन करने के लिए दावेदारों को एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें उनके संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक भूमिका और कार्यकाल से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली जाएगी। इसके उपरांत संभावित छह दावेदारों के नाम हाईकमान को भेजे जाएंगे और अंतिम निर्णय हाई कमान द्वारा लिया जाएगा।


सुखदेव भगत ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक बदलाव का प्रयास नहीं है, बल्कि इसमें पार्टी की विचारधारा और मूल्यों जैसे धर्मनिरपेक्षता, गांधीवादी विचारधारा, संवैधानिक मूल्य और सामाजिक सहभागिता को भी आगे बढ़ाने का संकल्प शामिल है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी सौरभ चौहान, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष करतार ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।