/हिमाचल में रेल परियोजनाओं में देरी का कारण राज्य सरकार का असहयोग: अनुराग ठाकुर

हिमाचल में रेल परियोजनाओं में देरी का कारण राज्य सरकार का असहयोग: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली/शिमला, 3 दिसंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा ।

हमीरपुर के सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में हिमाचल की महत्त्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं में हो रही देरी पर गंभीर चिंता जताते हुए कांग्रेस सरकार पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है।

रेल मंत्रालय के लिखित जवाब केअनुसारभानुपली–बिलासपुर–बेरी रेल लाइन पर अब तक ₹5,252 करोड़ खर्च हो चुके हैं, जबकि राज्य का ₹1,843 करोड़ हिस्सा अब भी बकाया है। परियोजना के लिए आवश्यक 124.02 हेक्टेयर में से केवल 82 हेक्टेयर जमीन ही उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल में तीन नई स्वीकृत लाइन परियोजनाओं (214 किमी) में से 64 किमी चालू किए जा चुके हैं और उन पर ₹8,280 करोड़ खर्च हुए हैं। वहीं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बिलासपुर–मनाली–लेह रेलवे लाइन की DPR पूरी हो चुकी है जिसकी अनुमानित लागत ₹1,31,000 करोड़ है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र परियोजनाओं को पूरा करने के लिए तैयार है, पर भूमि, मंज़ूरियों और वित्तीय हिस्सेदारी में राज्य के सहयोग की कमी से निर्माण बाधित है। उन्होंने केंद्र–राज्य–रेलवे का जॉइंट मॉनिटरिंग सेल बनाने और लंबित जमीन व बकाया राशि तुरंत जारी करने की मांग की।