/4 दिसंबर को धर्मशाला में विशाल प्रदर्शन: संजीव कटवाल

4 दिसंबर को धर्मशाला में विशाल प्रदर्शन: संजीव कटवाल

कांग्रेस सरकार की नाकामी के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी भाजपा,

ज्वालामुखी, 3 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर उसके कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के विरोध में भाजपा 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ा प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों में धर्मशाला पहुंचकर सरकार का घेराव करेंगे।

कटवाल ने कांग्रेस सरकार को “अब तक की सबसे निकम्मी और दिशाहीन सरकार” बताया और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की चेतावनी—“सत्ता सुक्खू के हाथ में गई तो प्रदेश में अंधकार फैल जाएगा”—आज सच साबित हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देहरा उपचुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए महिला मंडलों को ₹50-50 हजार बांटे गए। साथ ही सरकार की फेल लीकर पॉलिसी, ठप विकास कार्यों, बढ़ते भ्रष्टाचार और 40 हजार करोड़ से अधिक के कर्ज को लेकर भी कटवाल ने सरकार को घेरा।

कटवाल ने दावा किया कि हजारों सेब के पेड़ काटे जाने के बावजूद सरकार बागवानों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला में होने वाला भाजपा का यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के ग़ुस्से का बड़ा संदेश होगा।

कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह कंवर, अभिषेक पा, हुकुम सिंह बैंस, अनुज शर्मा, विजय मेहता और विट्ठल प्रधान मौजूद रहे।