/बद्दी पुलिस की सख़्त कार्रवाई: जुआ एवं सट्टेबाज़ी के दो मामले दर्ज

बद्दी पुलिस की सख़्त कार्रवाई: जुआ एवं सट्टेबाज़ी के दो मामले दर्ज

बद्दी, 04 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

बद्दी पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे अवैध दड़ा-सट्टा कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों घटनास्थलों से आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर नकदी और सट्टेबाज़ी से जुड़ी सामग्री बरामद की।

दोनों मामलों में जुआ अधिनियम एवं दड़ा-सट्टा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना बद्दी में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहला मामला : बस स्टैंड बद्दी के पास कार्रवाई
पुलिस टीम ने बस स्टैंड बद्दी के समीप एक संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर दबिश दी, जहां राजन निवासी जिला मुकसर (पंजाब) राहगीरों को 1 रुपये के बदले 90 रुपये देने का झांसा देकर दड़ा-सट्टा खेलने के लिए उकसा रहा था। मौके पर पकड़े गए आरोपी से पुलिस ने 2160 रुपये नकद बरामद किए।

दूसरा मामला : शीतलपुर रोड पर भी इसी अभियान के दौरान पुलिस ने शीतलपुर रोड स्थित गणपति स्टील स्टोर के पास एक गली में अवैध सट्टेबाज़ी करवा रहे आलिफ निवासी उत्तर-पश्चिम दिल्ली को पकड़ा।

आरोपी राहगीरों को 10 रुपये के बदले 90 रुपये देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा चला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 1440 रुपये नकद और सट्टा-संबंधी पर्चियां सहित अन्य सामग्री बरामद की।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टेबाज़ी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारी जनता से ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील कर रहे हैं।