धर्मशाला 4 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तीन साल में सरकार एक भी नई योजना शुरू नहीं कर सकी और हमारी सरकार की दर्जनों योजनाएँ—हिमकेयर, शगुन-कन्यादान, गृहणी सुविधा, स्वावलंबन, सहारा सहित—सब बंद कर दी गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दो हजार से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है और जनता नई सुविधाएँ नहीं, सिर्फ पुरानी बहाल करने की मांग कर रही है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर में देरी और पालमपुर विश्वविद्यालय की जमीन “मित्रों के हित में बेचने” का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज ले रही है, जबकि जनता पर बिजली–पानी से लेकर अंतिम संस्कार तक में करों का बोझ बढ़ा दिया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ नाराज़गी है और “सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने” के नारे हर जगह सुनाई दे रहे हैं। दिव्यांगजनों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को उन्होंने “बर्बरता” बताया।
सनातन विरोधी बयानों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुरू से ही अपनी राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए विवादित बयान देते रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी और “कांग्रेस को ऑल्टो गाड़ी में फिट कर देगी।”







