बद्दी 5 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
जन सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस ने बीती रात पूरे क्षेत्र में व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर अस्थायी नाके स्थापित कर इलाके को प्रभावी रूप से सील किया गया तथा आने-जाने वाले सभी वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
पुलिस टीमों ने नाकों पर वाहनों के कागज़ात, व्यक्तियों की पहचान और उनके व्यवहार पर विशेष ध्यान देते हुए विस्तृत जांच की। चेकिंग के दौरान मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन पर कई चालान जारी किए गए, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस के अनुसार इस अभियान से क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध तत्वों, अवैध गतिविधियों एवं अपराध प्रवृत्तियों पर प्रभावी रोक लगाने में सफलता मिली है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूती मिली।
इस विशेष अभियान की निगरानी स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) योग राज चंदेल ने की। दोनों अधिकारियों ने नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अपराधी गतिविधि या गैर कानूनी कार्यों में शामिल व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाता रहेगा, ताकि बद्दी एवं आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त रखा जा सके।







