नालागढ़ (बद्दी ) 6 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक नगरी बद्दी शहर 22 जनवरी को राम भक्ति के रंग में सराबोर होने जा रहा है। श्रीराम सेना द्वारा बद्दी दशहरा ग्राउंड में 5वां श्रीराम महोत्सव अत्यंत भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ तेज़ी से जारी हैं और पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। विशेष रूप से साई रोड पर आकर्षक झंडों की सजावट की जाएगी, जो पूरे क्षेत्र को धार्मिक वातावरण से भर देगी।
यह जानकारी देते हुए श्री राम सेना के अध्यक्ष राजेश जिंदल ने पत्रकारों को बताया कि कार्यक्रम के लिए 2100 निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं और लगभग 11,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि
शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें ‘लोकल फॉर वोकल’ थीम के तहत स्थानीय कलाकार मंच संभालेंगे और अपनी भक्ति संगीत प्रस्तुतियों से पंडाल को राममय बना देंगे।
आयोजन में संत बलराम दास महाराज, दिल्ली की प्रसिद्ध कलाकार अनामिका, तथा मुंबई के आलोक रंजन विशेष अतिथि कलाकार के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए श्री सालासर सेवा समिति और वैष्णो देवी सेवा संस्था द्वारा लगभग 11 हजार लोगों के लिए विशाल लंगर की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरे कार्यक्रम का आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व और बढ़ जाता है।बद्दी में पहली बार इस स्तर का आध्यात्मिक आयोजन देखने को मिलेगा, जिससे शहर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम दिखाई देगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक व पत्रकार वार्ता में संयोजक राजेश जिंदल, अध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल, तथा पदाधिकारी महेश कौशल, प्रदीप कुमार, राहुल कुमार, राजेश पटियाल, विकी गर्ग, कपिल शर्मा, संदीप सचदेवा, कुलबीर आर्य, चिरंजीव ठाकुर, मान सिंह, आरुषि सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।










