गैस सिलेंडर फटने की आशंका
गोवा 7 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
गोवा के अरपोरा गांव स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण सिलेंडर विस्फोट बताया जा रहा है। अधिकांश मौतें दम घुटने से हुई हैं। यह हादसा स्थानीय समयानुसार रात लगभग 12:04 बजे हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस प्रमुख के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है और सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने सीएम सावंत से स्थिति की जानकारी भी ली।
समुद्र तटों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध गोवा में इस वर्ष की पहली छमाही में 55 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिनमें 2.71 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल थे। भीषण हादसे ने राज्य के पर्यटन क्षेत्र को गंभीर चिंता में डाल दिया है।









