नालागढ़ 9 दिसंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
पंजाब कला साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित 29वें वार्षिक अकादमी सम्मान समारोह में नालागढ़ के प्रसिद्ध कवि, कहानीकार और समीक्षक प्रो. रणजोध सिंह को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए ‘श्री मालीराम सोनी स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
यह समारोह गत दिवस हिंद की चादर, नवमीं पादशाही श्री गुरु तेग बहादुरजी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित था तथा प्रेस क्लब, जालंधर में संपन्न हुआ।

मिलीजानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, हिमाचल प्रदेश के पूर्व बागवानी मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश, तथा कांग्रेस नेता राजेंद्र बेरी मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बजरंग सोनी ने की।

साहित्य एवं पत्रकारिता जगत की जानी-मानी हस्तियाँ—सतनाम सिंह माणक, अमित शर्मा, अवतार सिंह शेरगिल, डॉ. जसदीप सिंह, डॉ. आशा शैली तथा गुरमीत सिंह बेदी सहित अनेक साहित्यकार और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन श्री सिमर सदोष और उनकी टीम की देखरेख में किया गया।
याद रहे कि प्रो. रणजोध सिंह अब तक आईना (काव्य संग्रह), कैंथ का पेड़ (कहानी संग्रह) और मैली कमीज (लघुकथा संग्रह) सहित तीन पुस्तकों तथा 14 साझा संकलनों की रचना कर चुके हैं।

उनकी रचनाएँ देशभर की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं तथा टीवी और साहित्यिक मंचों पर भी प्रसारित होती हैं। उनकी कहानियों का नाट्य रूपांतरण भी कई बार पुरस्कृत हो चुका है और कई भारतीय भाषाओं में उनकी रचनाओं का अनुवाद किया गया है। उन्हें कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
स्कूली बच्चों में नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए वे स्थानीय स्कूलों में कहानी, कविता और लघुकथा वर्कशॉप आयोजित करते रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिला है।
नालागढ़ साहित्य कला मंच के अध्यक्ष यादव किशोर गौतम, सचिव हरिराम धीमान सहित सदस्यों ने प्रो. सिंह को यह सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे मंच के लिए गौरव का विषय बताया। वरिष्ठ नागरिक संघ और पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश घई ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










