15–20 दिसंबर के बीच अधिसूचना संभावित।
शिमला 14 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 20 जनवरी से पहले संपन्न कराए जाने की संभावना है। मिली जानकारी के मुताबिक राज्य चुनाव आयोग ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायत चुनावों के लिए रोस्टर 12 दिसंबर तक जारी करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि 15 से 20 दिसंबर के बीच चुनाव अधिसूचना जारी किए जाने की संभावना है।
प्रदेश में जिला परिषद, पंचायत समिति (ब्लॉक समिति) तथा ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंचों के चुनाव होने हैं। हाल ही में शिमला जिले के टुडू और कुपक्षी तथा मंडी जिले के बालीचौकी में नए ब्लॉकों के गठन के बाद प्रदेश में ब्लॉकों की संख्या 78 से बढ़कर 81 हो गई है।
नवगठित ब्लॉकों में पंचायतों और समितियों के गठन की प्रक्रिया भी इसी चुनाव के साथ पूरी की जाएगी।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव सामग्री भेजने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और सभी जिलों से तैयारियों की रिपोर्ट ली जा चुकी है।
आयोग ने चुनाव कार्यक्रम (शेड्यूल) को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
पंचायती राज संस्थानों के तहत प्रदेश भर में हजारों पंचायत प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। जिला परिषद वार्डों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के लिए निर्वाचन की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप कराई जाएगी।










