/मुख्यमंत्री ने हिमाचल निकेतन के निर्माण कार्य का निरीक्षण, छह माह में पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने हिमाचल निकेतन के निर्माण कार्य का निरीक्षण, छह माह में पूरा करने के निर्देश

शिमला, 15 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली के द्वारका स्थित हिमाचल निकेतन का दौरा कर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का निर्माण कार्य छह माह के भीतर पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल निकेतन में 107 कमरे, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, मीटिंग हॉल, डॉर्मिटरी, पार्किंग, गार्डन, ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह भवन उपचार, शिक्षा और अन्य कार्यों से राष्ट्रीय राजधानी आने वाले हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है और दिल्ली सहित प्रदेश के बाहर भी उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी और मरीज दिल्ली आते हैं और यह भवन उन्हें सुविधाजनक एवं आरामदायक आवास उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग देवेश कुमार ने परियोजना से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, प्रमुख आवासीय आयुक्त अजय यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल (सेवानिवृत्त) के.एस. बांश्टू तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।