शिमला 19 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
भाजपा सांसद व उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मनरेगा को लेकर दिए बयान को झूठा और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को समाप्त नहीं किया, बल्कि उसे ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के रूप में और सशक्त बनाया है।

नए प्रावधानों के तहत रोजगार की गारंटी 100 से बढ़ाकर 125 दिन की गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय सुरक्षा मजबूत होगी।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि नए कानून से जल सुरक्षा, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका और जलवायु लचीलापन जैसे क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे गांवों में स्थायी विकास और रोजगार सुनिश्चित होंगे।
उन्होंने संसद में कांग्रेस के आचरण की निंदा करते हुए कहा कि विस्तृत चर्चा के बावजूद कांग्रेस व सहयोगियों ने हंगामा कर संसदीय मर्यादाओं का उल्लंघन किया, जो लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।
डॉ. भारद्वाज ने कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा झूठ के खिलाफ तथ्यात्मक सच के साथ खड़ी है और ग्रामीण जनता को गुमराह नहीं होने देगी।










