हत्या की धारा जोड़ी गई, आरोपी गिरफ्तार
बद्दी 22 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बद्दी क्षेत्र में गत रात्रि एक बिल्डिंग में हुए आपसी झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
प्रारंभिक शिकायत के आधार पर थाना बद्दी में धारा 115(2), 126(2), 352 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार झगड़े के दौरान दीपक द्वारा विजय के साथ मारपीट की गई, जिसके परिणामस्वरूप विजय दूसरी मंज़िल से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल विजय को तत्काल बद्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई) रेफर किया गया।
पीजीआई में उपचार के दौरान विजय की मृत्यु हो जाने पर मामले की गंभीरता बढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने अभियोग में धारा 103 BNS (हत्या) भी जोड़ दी।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, ताकि घटना के क्रम और परिस्थितियों की सटीक पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।
सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









