नालागढ़ 29 दिसंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल में कांग्रेस पार्टी ने अपना 140वां स्थापना दिवस नालागढ़ सब्जी मंडी में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि आगामी दो–चार दिनों में जिला कार्यकारिणी तथा 15 दिनों के भीतर मंडल स्तर की कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार स्थापना दिवस शिमला कार्यालय के बजाय जनता के बीच मनाने का निर्णय विधायक बावा हरदीप सिंह के आग्रह पर लिया गया, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ को और मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन में विनय कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं के नाम बदलकर उनकी मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने मनरेगा का उदाहरण देते हुए कहा कि योजना की गारंटी खत्म की जा रही है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में नोटों से महात्मा गांधी की तस्वीर हटाने का प्रयास भी किया जा सकता है।

इसके विरोध में सोमवार को शिमला में बड़े धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल होंगे।

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस ने चुनावी 10 गारंटियों में से 6 पूरी कर दी हैं, जबकि शेष 4 को शीघ्र पूरा किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि सभी वादे पूरे करने के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पुनः जीत दर्ज कर हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नेता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








