विक्रम सिंह नायर ने दी श्रद्धांजलि, शिक्षा क्रांति को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
बी.बी.एन. 3 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के दून विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बद्दी के नालका पंचायत के अमरोहा गांव में शिक्षा की देवी कही जाने वाली सावित्रीबाई फुले का 195वां जन्मदिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

सम्राट अशोक क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विक्रम सिंह नायर ने सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शिक्षा क्रांति में दिए गए

ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिस दौर में महिलाओं को पढ़ने का अधिकार तक नहीं था, उस समय ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई को शिक्षित किया और उन्होंने देश की पहली बालिका पाठशाला खोलकर समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन की नींव रखी।

आज उसी संघर्ष का परिणाम है कि देश की बेटियां जज, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे शीर्ष पदों तक पहुंच रही हैं।
कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर महिला शिक्षा आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।

सम्राट अशोक क्लब के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि क्लब हर वर्ष माता सावित्रीबाई फुले का जन्मदिवस हर्षोल्लास से मनाता है। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई के प्रयासों से आज की बेटियां शिक्षा की बेड़ियों से मुक्त होकर आगे बढ़ रही हैं और युवा पीढ़ी को जागरूक करना क्लब का निरंतर उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने “पढ़ो, लिखो, संघर्ष करो और आगे बढ़ो” का जोरदार नारा लगाकर महिला शिक्षा व सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर नरेंद्र कुमार, नागेंद्र जैस्वाल, राधा कृष्ण, रंजीत सिंह, फौजी सोनू उर्फ सोनू दड़ोच, अरविंद मोरया, बिमलेश मौर्या, राम नारायण मौर्या सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह आयोजन महिला शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को मजबूती देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।








