/कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की राज्य व जिला कार्यकारिणी भंग

कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की राज्य व जिला कार्यकारिणी भंग


अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लालजी भाई देसाई का निर्णय, शीघ्र होगा पुनर्गठन

शिमला, 6 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड विंग को अधिक प्रभावशाली और सशक्त बनाने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक निर्णय लिया है।

इसके तहत यंग ब्रिगेड की राज्य कार्यकारिणी और सभी जिला अध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।


अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष की ओर से यंग ब्रिगेड की प्रदेश अध्यक्ष नेहा मेहता को जारी आदेशों में निर्देश दिए गए हैं कि शीघ्र ही प्रदेश यंग ब्रिगेड की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाए।


इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष एवं एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि यंग ब्रिगेड की नई कार्यकारिणी के गठन में सभी क्षेत्रों और वर्गों के ऊर्जावान युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा, जो कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पित हों और अनुशासन के साथ संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की क्षमता रखते हों।


प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड विंग की नव नियुक्त अध्यक्ष नेहा मेहता ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस हाईकमान सहित अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लालजी भाई देसाई, प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा तथा प्रदेश के वरिष्ठ पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी का सहयोग लिया जाएगा।

नई कार्यकारिणी के गठन से पहले सभी से विचार-विमर्श किया जाएगा तथा चयनित पदाधिकारियों के नाम स्वीकृति के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष को भेजे जाएंगे।