कांग्रेस सरकारें टैक्सपेयर्स का पैसा बंद पड़े ‘नेशनल हेराल्ड’ पर लुटा रही हैं, यही है खटाखट मॉडल की सच्चाई
नालागढ़ 11 जनवरी
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने नालागढ़ विधानसभा के पंजेरा मंडल में बूथ सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने VBG राम जी अभियान को विस्तार से समझाते हुए कार्यकर्ताओं से इसे बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब भी देश में भ्रष्टाचार और लूट की बात होती है, तो जनता के मन में केवल गांधी–वाड्रा परिवार का ही नाम आता है। उन्होंने कहा कि आज कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें टैक्सपेयर्स के पैसे को खुलेआम गांधी परिवार के नेशनल हेराल्ड जैसे बंद पड़े अखबार पर लुटा रही हैं।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने एक बंद पड़े अखबार को 1.90 करोड़ रुपये दिए और अपने कुल विज्ञापन बजट का लगभग 69 प्रतिशत हिस्सा उसी को दे दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी के तथाकथित खटाखट मॉडल का आधार यही है कि जनता के खून-पसीने की कमाई को लूटकर अपने निजी, बंद अखबार में डाला जाए।

उन्होंने कहा कि स्वयं कर्नाटक कांग्रेस सरकार के गृहमंत्री जी. परमेश्वर यह स्वीकार कर चुके हैं कि राज्य सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद करोड़ों रुपये एक ऐसे अखबार को दिए जा रहे हैं जिसका न कोई सर्कुलेशन है, न ही वह कन्नड़ भाषा में प्रकाशित होता है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश में हालात और भी चिंताजनक हैं। सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तक के लिए सरकार के पास धन नहीं है, लेकिन इसके बावजूद नेशनल हेराल्ड को 97 लाख रुपये दिए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि किस विज्ञापन नीति के तहत एक बंद और निष्क्रिय अखबार को यह राशि दी गई।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि यह भ्रष्टाचार का खुला मॉडल है, जिसमें टैक्सपेयर्स का पैसा एक ऐसी बंद इकाई को दिया जा रहा है, जिसकी पेरेंट कंपनी पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला चल रहा है और जिसमें गांधी–वाड्रा परिवार के दो प्रमुख नेता आरोपी हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रत्न सिंह पाल, प्रदेश सचिव वंदना योगी, संजय ठाकुर, पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, पूर्व विधायक लखविंदर राणा, जिला महामंत्री बलबीर ठाकुर, मंडल अध्यक्ष जोगिंदर सिंह जिंदू, जिला प्रवक्ता सरवन चंदेल, संजीव ठाकुर, जतिंदर राणा, मंडल महामंत्री गुरपाल चौधरी, एससी मोर्चा अध्यक्ष गुरुदत्त, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष दौलत राम, महिला मोर्चा अध्यक्षा पूनम, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक कुमार, किसान मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल, ओबीसी मोर्चा के रछपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष देब राज चंदेल, प्रेम सिंह, हरमेश, मंडल सचिव बलविंदर कौर, गुरबक्श सिंह, गुरमीत कौर, जगतार सिंह सहित मंडल त्रिदेव, ग्राम केंद्र अध्यक्ष, प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










