/अर्की अग्निकांड नुकसान का जायजा लेने पहुंचे विधायक संजय अवस्थी।

अर्की अग्निकांड नुकसान का जायजा लेने पहुंचे विधायक संजय अवस्थी।

9 के जिंदा जलने की आशंका, एक बच्चे की मौत की पुष्टि।

अर्की 12 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

अर्की तहसील मुख्यालय में आज रात सरहाणुओं की पुरानी लकड़ी की बिल्डिंग में अचानक लगी भीषण आग से भारी जान-माल का नुकसान हुआ है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक संजय अवस्थी और अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

विधायक संजय अवस्थी ने प्रशासन को आग में लापता लोगों की त्वरित तलाश के निर्देश दिए तथा प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक हिदायतें जारी कीं।

इस दौरान अर्की क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग किया।

प्रशासन के अनुसार, अब तक आग में एक बच्चे के जलने से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 4 वयस्कों और 5 बच्चों के लापता होने से 9 लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है।

आग में कई दुकानें भी जलकर खाक हो गईं।

बताया जा रहा है कि आग रात करीब 3 बजे भड़की, इस दौरान कई गैस सिलेंडरों के फटने की भी आशंका है, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रशासन और दमकल विभाग द्वारा जले हुए शवों को निकालने और मलबा हटाने का कार्य जारी है।

आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।