यूपी सरकार का आदेश।
लखनऊ 12 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
उत्तर प्रदेश शासन ने मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश को लेकर आदेश जारी किया है।
सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में संशोधन करते हुए अब 14 जनवरी 2026 (बुधवार) के स्थान पर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर शासन स्तर पर हुए विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत 15 जनवरी 2026 को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

इस संबंध में सामान्य प्रशासन अनुभाग की पूर्व में जारी 17 नवंबर 2025 की विज्ञप्ति को उक्त सीमा तक संशोधित माना जाएगा। आदेश के अनुसार यह अवकाश राज्य सरकार के सभी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित विभागों पर लागू होगा।
आदेश की प्रतिलिपि सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों, उच्च न्यायालय, भारतीय रिजर्व बैंक सहित संबंधित विभागों और संस्थानों को आवश्यक कार्यवाही एवं अनुपालन के लिए भेज दी गई है।










