/मुख्यमंत्री ने अर्की बाजार में आग लगने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अर्की बाजार में आग लगने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।

शिमला 12 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात सोलन जिले के अर्की बाजार में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस हादसे में एक आठ वर्षीय बच्चे सहित तीन लोगों की मृत्यु होने का समाचार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए अर्की अग्निशमन विभाग के साथ-साथ शिमला जिले के बालूगंज, सोलन जिले के बनलगी तथा अम्बुजा सीमेंट कम्पनी के अग्निशमन वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इस घटना में घायल दो लोगों का उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।

मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को तुरन्त राहत सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन को घटना की गहन जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।