/हिमाचल प्रदेश ने भूटान को भेंट किए चिलगोजा के पौधे ।

हिमाचल प्रदेश ने भूटान को भेंट किए चिलगोजा के पौधे ।

मुख्यमंत्री ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

शिमला 12 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

हिमाचल प्रदेश ने भारत और भूटान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण एवं सहयोगात्मक संबंधों को और सुदृढ़ करते हुए भूटान को चिलगोजा के पौधों का उपहार प्रेषित किया। प्रदेश सचिवालय, शिमला से ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल भारत–भूटान के मैत्रीपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने जानकारी दी कि भविष्य में हिमाचल प्रदेश वन विभाग द्वारा भूटान को पांच लाख रुपये मूल्य के चिलगोजा के बीज भी प्रदान किए जाएंगे। साथ ही भूटान के वन विभाग के अधिकारियों को चिलगोजा के पौधे उगाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए उनकी वन विभागीय टीम शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश का दौरा करेगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार चिलगोजा गतिविधियों में स्थानीय महिला मंडलों को भी शामिल करेगी तथा उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व भी भूटान को 50 किलोग्राम चिलगोजा बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं।


उन्होंने कहा कि चिलगोजा पश्चिमी हिमालय की एक बहुमूल्य प्रजाति है, जो पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता तथा स्थानीय आजीविका से गहराई से जुड़ी हुई है। वर्तमान प्रदेश सरकार वन संवर्धन को लेकर अनेक प्रभावी कदम उठा रही है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में वन क्षेत्र में लगभग 55 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में लगभग 9,000 हेक्टेयर वन भूमि पर विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के अंतर्गत पौधरोपण किया जा रहा है, जिसमें 60 प्रतिशत फलदार पौधे शामिल हैं।

मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत अब तक 600 हेक्टेयर बंजर पहाड़ियों को हरा-भरा किया जा चुका है।


वनों की सुरक्षा एवं प्रबंधन के लिए 2019 वन मित्रों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें वृक्षारोपण, अग्नि सुरक्षा, राल दोहन सहित विभिन्न वानिकी कार्यों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार जनसहयोग से हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, ग्रीन एडॉप्शन योजना सहित कई योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर रही है।


इस अवसर पर जगत सिंह नेगी, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा एवं मलेन्द्र राजन, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, महाधिवक्ता अनूप रतन, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।