चंडीगढ़ 26 जनवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
PGIMER, चंडीगढ़ में भी 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमा और उत्साह के साथ किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक प्रो. विवेक लाल ने की। इस अवसर पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा निदेशक का संबोधन हुआ, जिसमें वर्ष 2025 को संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों का वर्ष बताया गया।
प्रो. विवेक लाल ने ऑपरेशन सिंदूर में PGIMER की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटर के समय को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक बढ़ाने से सर्जरी की प्रतीक्षा अवधि में 30–40 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने अंग प्रत्यारोपण में PGIMER की राष्ट्रीय नेतृत्वकारी भूमिका, लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की पदोन्नति मामलों के समाधान, परिसर सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की तैनाती, तथा सरंगपुर में विश्राम सदन जैसी पहलों की भी जानकारी दी। साथ ही, PGI से सरंगपुर तक भूमिगत सुरंग के प्रस्ताव की घोषणा करते हुए इसे मरीजों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम का समापन मिठाइयों के वितरण और संवैधानिक मूल्यों के पालन के संकल्प के साथ हुआ।









