कई जिलों में बारिश व बर्फबारी के आसार
शिमला 29 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।

मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आगामी दिनों में शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश हो सकती है।

वहीं ऊंचाई वाले इलाकों जैसे रोहतांग, कुंजुम दर्रा और बारालाचा में बर्फबारी की संभावना है।
बारिश और बर्फबारी से किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इससे सेब व अन्य फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। हालांकि, मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

राज्य के मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






