सोलन(परवाणू), 3 फरवरी
हिम नयन न्यूज / ब्यूरो/वर्मा
पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज केस एफआईआर नंबर 22/2026 (दिनांक 31.01.2026) में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा गश्त के दौरान हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर काबू किया गया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
इस केस के आरोपियों में से एक की पहचान आर्यन पुत्र श्री राजेश कुमार, निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा), उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग) पाया गया, जो उसी पते का निवासी है।
मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाल अपचारी से पूछताछ के उपरांत उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 व 29 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया।
अन्वेषण के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स व अन्य डिजिटल इनपुट) के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि बरामद चिट्टा मनीमाजरा, चंडीगढ़ से शिवम् उर्फ काकू नामक व्यक्ति से 14,000 रुपये में खरीदा गया था।
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए Backward Linkage के आधार पर मुख्य सप्लायर शिवम् उर्फ काकू पुत्र स्वर्गीय श्री राम भरोसे, निवासी न्यू इंदौर कॉलोनी, सेक्टर-13, मनीमाजरा, चंडीगढ़, उम्र 25 वर्ष को 02 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
आरोपी के ठिकाने पर दबिश देने पर उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा और बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आज 03 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है। मामले में अन्वेषण जारी है।








