/चंबा में पंचायत निर्वाचन मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन

चंबा में पंचायत निर्वाचन मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन


नि:शुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध, नाम जोड़ने हेतु 2 रुपये शुल्क निर्धारित

चंबा, 4 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

जिला चंबा में पंचायत चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी करते हुए ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने दी।


उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम रूप प्रकाशित किया गया है। इससे पहले इन सूचियों का प्रारूप 06 अक्तूबर 2025 को जारी किया गया था, जिस पर प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किया गया।


उन्होंने कहा कि पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 21(1) के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अब मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।


उपायुक्त ने जानकारी दी कि मतदाता सूचियों की प्रतियां उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंबा, जिला पंचायत अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंबा के कार्यालयों सहित संबंधित ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद चंबा के कार्यालयों में नि:शुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी।


उन्होंने यह भी बताया कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे जिला स्तर पर संबंधित कार्यालयों में आवेदन देकर अपना नाम शामिल करवा सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शुल्क मात्र 2 रुपये रखा गया है।


प्रशासन ने पात्र नागरिकों से समय रहते मतदाता सूची का अवलोकन करने और आवश्यक होने पर अपना नाम शामिल करवाने की अपील की है, ताकि आगामी पंचायत चुनावों में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।