15 फरवरी से पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक कराएं ई-केवाईसी सत्यापन
शिमला, 4 फरवरी
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने प्रदेश के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से 15 फरवरी 2026 से पूर्व अपना ई-केवाईसी सत्यापन करवाने की अपील की है। विभाग ने बताया कि पेंशन राशि बैंक या डाकघर खातों में सुचारू रूप से भेजने के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन ई-केवाईसी अभियान जुलाई 2025 से चलाया जा रहा है।

31 जनवरी 2026 तक सत्यापन की समय सीमा तय थी, लेकिन जिन पेंशनधारकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं करवाया है, उनकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी गई है। ऐसे लाभार्थी अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जाकर 15 फरवरी से पहले सत्यापन करवा सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया कि तय तिथि तक ई-केवाईसी न होने पर पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है या अपडेट की जरूरत है, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

जानकारी और सहायता के लिए जिला व तहसील कल्याण अधिकारी, सीडीपीओ, पर्यवेक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा सकता है।










