पुलिस ने जारी किया अलर्ट
शिमला 5 फरवरी
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच फर्जी ई-चालान मैसेज के जरिए ठगी का नया मामला सामने आया है।
राज्य पुलिस की साइबर क्राइम विंग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि व्हाट्सऐप और एसएमएस के माध्यम से ओवरस्पीड, रफ ड्राइविंग या ट्रिपल राइडिंग जैसे उल्लंघनों का हवाला देकर फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेजी जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार ये संदेश सरकारी नोटिस जैसे दिखते हैं, लेकिन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है, जिससे बैंक डिटेल्स, फोटो, कॉन्टैक्ट्स और ओटीपी तक चोरी हो जाते हैं।
कई मामलों में ठग खुद को सरकारी अधिकारी बताकर फोन पर धमकी देते हैं और तुरंत जुर्माना भरने के लिए दबाव बनाते हैं।
साइबर क्राइम विंग ने पुष्टि की है कि इस स्कैम में एपीके फाइल के जरिए व्हाट्सऐप अकाउंट तक हैक किए जा रहे हैं।

वर्ष 2025 में पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए 29 करोड़ रुपये की रिकवरी भी करवाई है।
ठग वाहन चालकों को फर्जी ई-चालान मैसेज भेजते हैं। लिंक पर क्लिक करने पर यूजर एक ऐसी वेबसाइट पर पहुंचें जो सरकारी पेमेंट पोर्टल जैसी दिखती है और “Pay Traffic Fine” के नाम पर कार्ड और बैंक संबंधी जानकारी मांगती है। जानकारी भरते ही ठगी को अंजाम दे दिया जाता है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 2026 की शुरुआत में इस तरह के मामलों में तेजी आई है और दिसंबर 2025 में राज्यव्यापी एडवाइजरी जारी की जा चुकी है।
लोगों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें और ऐसे मैसेज मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।










