डिग्री से आगे बढ़कर स्किल, रोजगार और उद्यमिता पर फोकस—युवा शक्ति बनेगी विकसित भारत की आधारशिला।
बद्दी 6 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने गत दिवस आईईसी यूनिवर्सिटी, हिमाचल प्रदेश में आयोजित युवा बजट सम्मेलन में कहा कि बजट 2026 पूरी तरह युवा केंद्रित बजट है, जिसे देश की जनसंख्या संरचना और युवा शक्ति को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और आने वाले 25 वर्षों में वैश्विक विकास की दिशा भारत के युवाओं से तय होगी।

राजेश ठाकुर ने बताया कि भारत की माध्य आयु लगभग 29 वर्ष है, जबकि चीन की 39 वर्ष और यूरोप की 44 वर्ष है, जो भारत के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि बजट 2026 युवाओं को समस्या नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी पूंजी मानता है।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष करीब 1.5 से 1.6 करोड़ युवा रोजगार बाजार में प्रवेश करते हैं, लेकिन लंबे समय तक शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच समन्वय की कमी रही। डिग्री होने के बावजूद कौशल की कमी और कौशल होने पर भी स्थिर आय का अभाव बड़ी चुनौती थी।

बजट 2026 इस अंतर को समाप्त करने की दिशा में ठोस रणनीति प्रस्तुत करता है।
राजेश ठाकुर ने कहा कि बजट में पहली बार Education → Skill → Employment → Entrepreneurship की पूरी श्रृंखला को एक नीति ढांचे में जोड़ा गया है। यह दृष्टिकोण युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि अवसर निर्माण करने वाला बनाएगा।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सर्वे के अनुसार देश के केवल 45 से 50 प्रतिशत ग्रेजुएट ही जॉब-रेडी हैं और उद्योग जगत की शिकायत रही है कि छात्र पढ़े-लिखे तो हैं, लेकिन काम के लिए तैयार नहीं। बजट 2026 इस चुनौती को स्वीकार करते हुए स्किल डेवलपमेंट, उद्योग–शिक्षा समन्वय, डिजिटल लर्निंग और रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर विशेष जोर देता है।

अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को नई दिशा, नए अवसर और नया आत्मविश्वास देने वाला है और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी।







