/पीएमजीएसवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हिमाचल को 46 करोड़ का प्रोत्साहन

पीएमजीएसवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हिमाचल को 46 करोड़ का प्रोत्साहन

शिमला, 7 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश को 46 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इसे राज्य के ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र द्वारा किए गए प्रयासों की औपचारिक सराहना बताया है।

मंत्री ने केंद्र सरकार, विशेष रूप से ग्रामीण विकास मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएमजीएसवाई ने देश के ग्रामीण क्षेत्रों, खासकर पहाड़ी और दुर्गम राज्यों में कनेक्टिविटी सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हिमाचल प्रदेश ने योजना के तहत सड़कों का निर्माण, अपग्रेडेशन और रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य को यह प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन मिला है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और आपदा प्रबंधन की जीवनरेखा हैं।

यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, केंद्र-राज्य सहयोग, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत और जनता के विश्वास का संयुक्त परिणाम है।

उन्होंने विभाग के इंजीनियरों और फील्ड इकाइयों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, भूस्खलन, भारी वर्षा और सीमित कार्य अवधि जैसी चुनौतियों के बावजूद विभाग ने गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं किया। पारदर्शी प्रक्रियाएं, आधुनिक तकनीक, नियमित मॉनिटरिंग और तृतीय-पक्ष गुणवत्ता परीक्षण से हिमाचल राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हुआ है।

मंत्री ने बताया कि यह राशि विशेष रूप से दूरदराज, जनजातीय, सीमा और दुर्गम क्षेत्रों में सड़कों की मजबूती, पुलियों और क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं, ढाल नियंत्रण कार्य, ब्लैक-स्पॉट सुधार और अपग्रेडेशन जैसे कार्यों को गति देगी। इससे किसानों को बाजार तक पहुंच, युवाओं को शिक्षा व रोजगार के अवसर, और ग्रामीणों को स्वास्थ्य व अन्य सेवाओं तक बेहतर संपर्क मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई-III और पीएमजीएसवाई-IV के तहत स्वीकृत परियोजनाओं के साथ यह प्रोत्साहन राशि “हर गांव तक उत्तम सड़क, हर घर तक संतुलित विकास” के लक्ष्य को और मजबूती देगी।

राज्य सरकार ग्रामीण सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।