नालागढ़( रामशहर) 7 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
नालागढ़ उपमंडल के रामशहर बाजार में इन दिनों गंदगी का गंभीर मामला सामने आया है।
स्थानीय लोगों द्वारा पानी निकासी की नालियों में कूड़ा-करकट फेंके जाने से स्थिति बिगड़ती जा रही है।

बताया जा रहा है कि बाजार क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा जमा होने से गंदगी का आलम पसरा हुआ है और नालियां बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो बरसात या पानी जमा होने की स्थिति में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नालियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरा फेंके जाने से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।

लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाने और नियमित कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।







