17 युवतियां रेस्क्यू, 6 आरोपियों पर मामले दर्ज
नालागढ़ ( बद्दी)14 फरवरी,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 17 युवतियों को रेस्क्यू किया है। इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस को पिछले कुछ समय से गुप्त सूत्रों के माध्यम से सूचना मिल रही थी कि बद्दी क्षेत्र के कुछ स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक बद्दी के निर्देशानुसार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया और सुनियोजित तरीके से अभियान चलाया गया।

पुलिस टीमों ने दावत चौक के समीप स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में संचालित चार स्पा सेंटर—
ए वन स्पा सेंटर, द गेटवे सैलून एंड स्पा सेंटर, द रिलीफ स्पा सेंटर और जन्नत सैलून एंड स्पा सेंटर— पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों से 17 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस द्वारा सभी युवतियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 व 4 के अंतर्गत चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और कुल 6 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









